समर्थक / Followers

सोमवार, 20 नवंबर 2017

ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी पहली बार घोषित करेगी 'साल का लोकप्रिय हिंदी शब्द'

दुनिया में  हिन्दी के तेजी से बढ़ते रुतबे को अब ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने भी स्वीकार कर लिया है। हाल के वर्षों में हिंदी के कई शब्द ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में शामिल किये गए हैं, पर अब इससे भी एक कदम आगे बढ़कर विश्व का प्रतिष्ठित शब्दकोष ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी पहली बार 'साल का लोकप्रिय हिंदी शब्द' घोषित करने की पहल भी करने जा रहा है। साल 2017 के लिए लोकप्रिय हिंदी शब्द का चयन किया जाएगा और इस शब्द की घोषणा जनवरी 2018 में होगी। 

इस लोकप्रिय हिंदी शब्द के चयन के लिए कुछेक मानक भी निर्धारित किये गए हैं। यह हिंदी शब्द कोई ऐसा शब्द या अभिव्यक्ति का स्वरूप होगा जिसे इस साल लोगों के बीच बहुत पसंद किया गया हो।  चयनित शब्द को साल भर के लोकाचार, मनोभाव और मानसिक व्यस्ताताओं को दर्शाने वाला होना चाहिए।  यह आवश्यक नहीं कि यह कोई नया शब्द हो लेकिन इसका किसी भी तरह 2017 से बहुत मजबूत संबंध होना चाहिए। 
ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने देशभर के हिंदी बोलने वालों से इस शब्द के चयन में मदद करने का आह्वान किया है।  इसके लिए 29 नवंबर से पहले प्रविष्टियां भेजनी हैं। आम लोगों से सुझाव लेने के बाद इस शब्द का चयन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस के हिंदी शब्दकोश दल द्वारा किया जाएगा और  साथ ही एक भाषा विशेषज्ञों  की समिति भी इस काम में मदद करेगी।  इस समिति में लेखक-प्रकाशक नमिता गोखले, भारतीय भाषा विशेषज्ञ कृतिका अग्रवाल, पत्रकार सौरभ द्विवेदी, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस इंडिया की वरिष्ठ संपादकीय प्रबंधक मलिका घोष और रांची विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर पूनम निगम सहाय शामिल हैं। 

बुधवार, 1 नवंबर 2017

डाक निदेशक कृष्ण कुमार यादव और पत्नी आकांक्षा यादव 'शब्द निष्ठा सम्मान' से सम्मानित

हिंदी लघुकथा को समृद्धि प्रदान करने हेतु राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव और उनकी पत्नी आकांक्षा यादव को अजमेर में शब्द निष्ठा सम्मान-2017 से सम्मानित किया गया। यादव दम्पति एक लम्बे समय से साहित्य और लेखन में सक्रिय हैं।  विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होने के साथ-साथ, अब तक  कृष्ण कुमार यादव की 7 पुस्तकें और नारी सम्बन्धी मुद्दों पर प्रखरता से लिखने वालीं आकांक्षा यादव की 3 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। देश-दुनिया में शताधिक सम्मानों से विभूषित यादव दम्पति एक लंबे समय से ब्लॉग और सोशल  मीडिया के माध्यम से भी हिंदी साहित्य एवं विविध विधाओं में अपनी रचनाधर्मिता को प्रस्फुटित करते हुये अपनी व्यापक पहचान बना चुके हैं।
संयोजक डॉ. अखिलेश पालरिया ने बताया कि आचार्य रत्न लाल  'विद्यानुग' स्मृति अखिल भारतीय लघुकथा प्रतियोगिता हेतु देशभर के 17 राज्यों से 170 लघुकथाकारों  की कुल 850 लघुकथाएँ प्राप्त हुई थीं, जिनमें से श्रेष्ठ लघुकथाओं को चयनित कर लघुकथाकारों को सम्मानित किया गया।  यह सम्मान प्रतिवर्ष साहित्य की भिन्न-भिन्न विधाओं पर दिया जाता है। शब्द निष्ठा सम्मान 2017 श्रेष्ठ लघु कथाओं के लिए निर्धारित था। सम्मान के तहत चयनित लघुकथाकारों को मान पैलेस अजमेर में संपन्न अखिल भारतीय लघुकथा सम्मान समारोह  में प्रशस्ति पत्र, कथा संग्रह एवं सम्मान निधि देकर सम्मानित किया। 
यादव दंपती को 'शब्द निष्ठा सम्मान' 

डाक निदेशक कृष्ण कुमार यादव और पत्नी आकांक्षा यादव  को मिला 'शब्द निष्ठा सम्मान' 





डाक निदेशक कृष्ण कुमार यादव और पत्नी आकांक्षा यादव  'शब्द निष्ठा सम्मान' से सम्मानित