समर्थक / Followers

सोमवार, 20 नवंबर 2017

ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी पहली बार घोषित करेगी 'साल का लोकप्रिय हिंदी शब्द'

दुनिया में  हिन्दी के तेजी से बढ़ते रुतबे को अब ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने भी स्वीकार कर लिया है। हाल के वर्षों में हिंदी के कई शब्द ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में शामिल किये गए हैं, पर अब इससे भी एक कदम आगे बढ़कर विश्व का प्रतिष्ठित शब्दकोष ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी पहली बार 'साल का लोकप्रिय हिंदी शब्द' घोषित करने की पहल भी करने जा रहा है। साल 2017 के लिए लोकप्रिय हिंदी शब्द का चयन किया जाएगा और इस शब्द की घोषणा जनवरी 2018 में होगी। 

इस लोकप्रिय हिंदी शब्द के चयन के लिए कुछेक मानक भी निर्धारित किये गए हैं। यह हिंदी शब्द कोई ऐसा शब्द या अभिव्यक्ति का स्वरूप होगा जिसे इस साल लोगों के बीच बहुत पसंद किया गया हो।  चयनित शब्द को साल भर के लोकाचार, मनोभाव और मानसिक व्यस्ताताओं को दर्शाने वाला होना चाहिए।  यह आवश्यक नहीं कि यह कोई नया शब्द हो लेकिन इसका किसी भी तरह 2017 से बहुत मजबूत संबंध होना चाहिए। 
ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने देशभर के हिंदी बोलने वालों से इस शब्द के चयन में मदद करने का आह्वान किया है।  इसके लिए 29 नवंबर से पहले प्रविष्टियां भेजनी हैं। आम लोगों से सुझाव लेने के बाद इस शब्द का चयन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस के हिंदी शब्दकोश दल द्वारा किया जाएगा और  साथ ही एक भाषा विशेषज्ञों  की समिति भी इस काम में मदद करेगी।  इस समिति में लेखक-प्रकाशक नमिता गोखले, भारतीय भाषा विशेषज्ञ कृतिका अग्रवाल, पत्रकार सौरभ द्विवेदी, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस इंडिया की वरिष्ठ संपादकीय प्रबंधक मलिका घोष और रांची विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर पूनम निगम सहाय शामिल हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं: